
भटली चौक से भूलूमुड़ा होते हुए ओडिशा को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क बदहाली पर आंसू बहा रही; स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की जान जोखिम में, ग्रामीणों की शिकायतें भी अधिकारियों की फाइलों में दफन!
सरिया/सारंगढ़-बिलाईगढ़। विकास के दावों और सरकारी योजनाओं की चमकदार तस्वीरों के बीच ग्रामीण अंचलों की जमीनी हकीकत किस कदर बदहाल है, इसकी एक भयावह तस्वीर ग्राम पंचायत कंचनपुर के आश्रित ग्राम भूलूमुड़ा से राजपुर तक जाने वाली सड़क पर साफ दिखाई देती है। नगर पंचायत सरिया के भटली चौक से भूलूमुड़ा होते हुए राजपुर और आगे ओडिशा राज्य को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी इस सड़क की हालत ऐसी हो चुकी है कि राहगीरों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वे सड़क पर चल रहे हैं या गड्ढों के बीच अपनी जान बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं?
सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और बदहाल स्थिति वाहन चालकों के लिए किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है। हालात ऐसे हैं कि दोपहिया वाहन चालकों को हर कदम पर संभलकर चलना पड़ता है। थोड़ी सी चूक किसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी की जान जोखिम में!

इस सड़क की बदहाली का सबसे अधिक खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों को प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। बुजुर्ग, महिलाएं, मरीज और रोजमर्रा के काम से सरिया आने-जाने वाले ग्रामीण भी इसी सड़क पर निर्भर हैं। किसी को बच्चों की पढ़ाई के लिए नगर पंचायत सरिया पहुंचना है, तो किसी को राशन, दवाई और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री खरीदनी है।
ग्रामीणों के लिए यह कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं, बल्कि नगर पंचायत सरिया से जुड़ने का प्रमुख मार्ग है। ऐसे में सड़क की बदहाली केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा, शिक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ा गंभीर सवाल बन चुकी है।
ग्रामीणों ने लगाई गुहार, लेकिन अधिकारियों के कानों में नहीं रेंगी जूं!

सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह है कि सड़क की दुर्दशा को लेकर ग्रामीणों द्वारा पहले भी संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष शिकायत एवं आवेदन के माध्यम से समस्या उठाई जा चुकी है। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए विभाग तत्काल मरम्मत की पहल करेगा, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी गुहार का अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।
आखिर ग्रामीणों के आवेदन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की वास्तविक स्थिति देखना भी जरूरी नहीं समझा? क्या ग्रामीणों की समस्याएं केवल आवेदन और फाइलों तक सीमित रखने के लिए हैं? यदि शिकायतों के बाद भी सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होता, तो फिर ग्रामीण अपनी समस्या लेकर आखिर किस दरवाजे पर जाएं?
ऐसा प्रतीत होता है मानो ग्रामीणों की शिकायतों को किसी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया हो और विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों की जवाबदेही आखिर कब तय होगी?
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और सुगम सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है, ताकि गांवों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में परेशानी न हो। लेकिन भूलूमुड़ा–राजपुर मार्ग की वर्तमान स्थिति इस उद्देश्य और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर उजागर करती है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़ के जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल है कि आखिर इस सड़क की नियमित निगरानी किसकी जिम्मेदारी है? सड़क के रखरखाव और मरम्मत की व्यवस्था कहां है? यदि सड़क निर्माण के बाद उसके संधारण की जिम्मेदारी निर्धारित है, तो फिर आज यह मार्ग इस हालत में कैसे पहुंच गया?
क्या विभाग के अधिकारियों ने कभी स्वयं इस सड़क का निरीक्षण किया है? क्या ग्रामीणों की शिकायतों का परीक्षण किया गया? यदि किया गया तो अब तक मरम्मत क्यों नहीं हुई? और यदि निरीक्षण ही नहीं हुआ, तो सरकारी कुर्सियों पर बैठकर ग्रामीण सड़कों की वास्तविक स्थिति का आकलन आखिर कैसे किया जा रहा है?
सरकारी योजनाओं के नाम पर सड़क बनाकर जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती। उसकी गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना भी संबंधित विभाग की उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है।
भूलूमुड़ा–राजपुर मार्ग की बदहाली अब केवल ग्रामीणों की परेशानी नहीं, बल्कि संभावित दुर्घटना की गंभीर चेतावनी है। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और किसी स्कूली बच्चे, बुजुर्ग या वाहन चालक के साथ कोई अनहोनी हो गई, तो उसकी जवाबदेही आखिर कौन लेगा?
ग्रामीणों की मांग है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल स्थल निरीक्षण करें, सड़क की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन कराएं और आवश्यकतानुसार गुणवत्तापूर्ण मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अब सवाल केवल सड़क के गड्ढों का नहीं, बल्कि उन गड्ढों में रोजाना जोखिम उठाकर गुजरने वाले सैकड़ों ग्रामीणों की जिंदगी का है। शासन और प्रशासन को यह समझना होगा कि विकास केवल कागजों, विज्ञापनों और भाषणों में नहीं, बल्कि गांवों की सड़कों पर दिखाई देना चाहिए। आखिर ग्रामीणों को सुरक्षित सड़क पर चलने का अधिकार कब मिलेगा?
प्रबंध संपादक जयप्रकाश सोनी की कलम से ✍️ ✍️

Recent Comments