रायगढ़। कलेक्टर के निर्देशानुसार कार्यालय उपसंचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा द्वारा जिंदल एसएसडी प्लांट, पूंजीपथरा में औद्योगिक सुरक्षा के संबंध में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। इस सेफ्टी वर्कशॉप में क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख कारखानों जैसे जिंदल स्टील लिमिटेड एसएसडी डिवीजन, एनआर टीएमटी, एनआर फेरो, माशिवा स्टील, आर एस इस्पात, नर्मदा आयरन, सुनील इस्पात, बालाजी इस्पात, वी ए पावर, ओरियन फेरो, सदगुरू इस्पात, राधेगोविंद स्टील, वेजरॉन, ए आर इस्पात और तिरुमला बालाजी सहित अन्य उद्योगों के कारखाना प्रबंधक और सेफ्टी ऑफिसर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान औद्योगिक सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें मुख्य रूप से सुरक्षित कार्यपद्धति का प्रयोग करने, मानक संचालन पद्धति (SOP) के अनुरूप कार्य करने और कार्यस्थल पर श्रमिकों को निरंतर ट्रेनिंग देने जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। उप संचालक राहुल पटेल ने उपस्थित प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे मशीनों की समय-समय पर तकनीकी जांच सुनिश्चित करें और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल का आयोजन करें। इस अवसर पर सभी कारखाना प्रबंधकों ने एकजुट होकर औद्योगिक क्षेत्र में ‘जीरो हार्म’ की अवधारणा को प्राप्त करने हेतु पर्याप्त सुरक्षा उपाय करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन उप संचालक राहुल पटेल द्वारा किया गया।

Recent Comments