रायगढ़। नगर पालिक निगम रायगढ़ में टैक्स और जलकर वसूली में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्षद दल ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर नगर निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद जयंत ठेठवार, नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव सहित सभी कांग्रेस पार्षदों ने निगम अधिकारियों पर गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से नियमों के विपरीत अतिरिक्त जलकर वसूलने का आरोप लगाया।

प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पार्षद जयंत ठेठवार ने पत्रकारों को बताया कि नगर निगम के ऑनलाइन पंजीयन में लगभग 11,005 मकानों का रिकॉर्ड दर्ज है, जिनमें EWS आवास, अटल आवास, अंबेडकर आवास, भागीरथी नल-जल योजना के हितग्राही तथा अन्य श्रेणियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी 2011 के शासन आदेश तथा 27 मार्च 2018 को नगर निगम परिषद के निर्णय के अनुसार EWS एवं भागीरथी नल-जल योजना के गरीब हितग्राहियों से केवल 60 रुपये प्रतिमाह जलकर लिया जाना चाहिए, जबकि संपत्ति कर से भी उन्हें छूट प्रदान की गई है। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा इन परिवारों से 60 रुपये के स्थान पर 200 रुपये प्रतिमाह जलकर वसूला जा रहा है, जो पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है।
कांग्रेसी पार्षदों द्वारा दावा किया गया है कि नगर निगम के 48 वार्डों में कम से कम 24 वार्डों के 860 परिवारों से इस प्रकार अतिरिक्त जलकर वसूला गया है। इनमें निजी EWS मकानों के 83 परिवार तथा विभिन्न हाउसिंग कॉलोनियों के 777 परिवार शामिल हैं। ज्ञापन के अनुसार भविष्य में भी लगभग 3005 परिवारों से इसी प्रकार अतिरिक्त जलकर वसूले जाने की आशंका जताई गई है।

जयंत ठेठवार ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने सुनियोजित तरीके से गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों से करोड़ों रुपये की अवैध वसूली की है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक त्रुटि नहीं बल्कि जनता के साथ गंभीर आर्थिक फर्जीवाड़ा है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रेसवार्ता कर बताया की कि वे निगम आयुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे और 10 दिनों का समय देंगे। उनकी पहली मांग होगी कि हितग्राहियों से नियम विरुद्ध वसूली गई अतिरिक्त राशि को उनके कर खाते में समायोजित किया जाए तथा पूरी प्रक्रिया की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं फर्जीवाड़े सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत पुलिस में अपराध दर्ज कराने की मांग की जाएगी और कांग्रेस सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी। इस दौरान पूर्व विधायक प्रकाश नायक समेत जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण नगेंद्र नेगी, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उक्त फर्जीवाड़े का खुलासा किया गया।

Recent Comments