
पंडित आचार्य श्री सत्यनारायण महापात्र के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान से हो रही पूजा-अर्चना, ग्राम गोटिया मिनकेतन प्रधान सहित आयोजन समिति और महिला समिति निभा रही महत्वपूर्ण भूमिका

सरिया। नगर पंचायत सरिया के प्रधानपारा में इन दिनों भक्ति, आध्यात्मिकता और धार्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण बना हुआ है। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और श्रीमद्भागवत कथा के पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रधानपारा में श्रीमद्भागवत पारायण एवं अष्टप्रहरी अखंड नाम संकीर्तन (त्रयोदश वर्ष 2026) का धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, महिला समिति के सदस्य एवं आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
इस धार्मिक अनुष्ठान में आचार्य श्री सत्यनारायण महापात्र जी के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। वहीं पुजारी के रूप में श्री नीलेश भारती एवं कार्तिक भारती धार्मिक कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ग्राम सरिया के गोटिया श्री मिनकेतन प्रधान भी इस धार्मिक आयोजन में स्वदांपत्ति मुख्य जजमान के रूप से विराजमान हैं।
13 नवंबर को कलश यात्रा से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ 13 नवंबर 2026, शुक्रवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष चतुर्थी के अवसर पर शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके पश्चात 14 नवंबर 2026, शनिवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष पंचमी के दिन श्रीमद्भागवत पूजन, स्थापना एवं पारायण का शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
21 नवंबर को गूंजेगा हरिनाम संकीर्तन
आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 नवंबर 2026, शनिवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी/द्वादशी के अवसर पर दोपहर 12 बजे से अखंड नाम संकीर्तन का शुभारंभ होगा। इस दौरान हरे कृष्ण, हरे राम के महामंत्र से प्रधानपारा का वातावरण भक्तिरस में सराबोर होगा।

बैठकी कीर्तन के लिए ओडिशा के बरगढ़ क्षेत्र से चुहानपाली तथा ओडिशा के बिजयपुर क्षेत्र से पहनडी दी की कीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है, जो अपने भक्ति संगीत और संकीर्तन से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगी।
22 नवंबर को पूर्णाहुति, दधिमंडन भंजन एवं महाप्रसाद
धार्मिक आयोजन का समापन 22 नवंबर 2026, रविवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के अवसर पर दोपहर 1 बजे पूर्णाहुति, दधिमंडन भंजन एवं महाप्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 7 बजे आरती का कार्यक्रम भी निर्धारित है, जिसमें श्रद्धालु शामिल होकर भगवान की आराधना कर रहे हैं।
आयोजन समिति की सामूहिक मेहनत से साकार हो रहा धार्मिक अनुष्ठान
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में आयोजक समिति के सदस्यों का विशेष योगदान है। आयोजन समिति में प्रमुख रूप से श्री हराधन प्रधान, घनश्याम प्रधान, सुकमुनि प्रधान, हिमांशु प्रधान, गणेश प्रधान, सत्यानंद प्रधान, रमेश विश्वकर्मा, भुवनेश्वर प्रधान, हेमचंद यादव, भीमसेन गड़तीया, डमरू प्रधान, हरिकिशन प्रधान, खिरोध प्रधान, मुकेश प्रधान एवं युधिष्ठिर प्रधान सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इसके साथ ही मां खुदुरकुनी महिला समिति, प्रधानपारा, एवं भागवत मंडली, सहित समस्त भक्त-श्रद्धालु गण एवं ग्रामवासी सरिया का सहयोग इस आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान कर रहा है।
धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दे रहा आयोजन
श्रीमद्भागवत पारायण एवं अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम भी है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और सनातन धर्म के आध्यात्मिक महत्व से जुड़ने का अवसर मिलता है।
प्रधानपारा के इस धार्मिक आयोजन में आयोजक समिति ने समस्त नगरवासियों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होकर श्रीमद्भागवत पारायण, अखंड नाम संकीर्तन एवं महाप्रसाद का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
आयोजन स्थल: प्रधानपारा, नगर पंचायत सरिया, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़)।
प्रबंध संपादक जयप्रकाश सोनी की कलम से ✍️✍️🙏🙏

Recent Comments