रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 10 मार्च से 15 मार्च तक चलाए गए पांच दिवसीय अभियान में पुलिस ने 141 स्थायी वारंट और 105 गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए कुल 246 वारंटों का निष्पादन किया है। इस दौरान कई वर्षों से फरार चल रहे वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।

अभियान के तहत पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और पतासाजी कर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। कोतवाली पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार आरोपी अभिषेक ठाकुर को गिरफ्तार किया, वहीं तमनार पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपी मिथुन सा को पकड़कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया।

अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस को विशेष सफलता तब मिली जब उड़ीसा के दो शातिर स्थायी वारंटी दशरथ विश्वाल निवासी लखनपुर रेंगाली (उड़ीसा) और सरोज बेहरा निवासी रेंगाली (उड़ीसा) को गिरफ्तार किया गया। दशरथ विश्वाल के विरुद्ध थाना कोतवाली में 20 तथा थाना चक्रधरनगर में 17 स्थायी वारंट जारी थे, जबकि सरोज बेहरा के विरुद्ध थाना कोतवाली में 17 और थाना चक्रधरनगर में 2 स्थायी वारंट लंबित थे। दोनों आरोपी प्रभावशाली व्यक्तियों का परिचय देकर किस्तों में ट्रैक्टर खरीदते थे और भुगतान किए बिना फरार हो जाते थे, जिसके कारण न्यायालय द्वारा उनके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने सरोज बेहरा को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि दशरथ विश्वाल को भी न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
विशेष अभियान के दौरान कोतवाली थाना ने 43 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंट, चक्रधरनगर ने 34 स्थायी और 15 गिरफ्तारी वारंट, छाल ने 13 स्थायी और 12 गिरफ्तारी वारंट, पुसौर ने 10 स्थायी और 5 गिरफ्तारी वारंट, खरसिया चौकी ने 6 स्थायी और 4 गिरफ्तारी वारंट, लैलूंगा ने 8 स्थायी और 7 गिरफ्तारी वारंट, तमनार ने 5 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंट, कापू ने 3 स्थायी और 7 गिरफ्तारी वारंट, धरमजयगढ़ ने 1 स्थायी और 14 गिरफ्तारी वारंट, कोतरारोड़ ने 1 स्थायी और 9 गिरफ्तारी वारंट तथा पूंजीपथरा थाना ने 4 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंट की तामिली की।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के रायगढ़ में पदभार संभालने के बाद से फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। 26 जनवरी से अब तक जिले में कुल 1467 वारंटों की तामिली की जा चुकी है, जिसमें 256 स्थायी वारंटी और 1211 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Recent Comments