रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने हिंदी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और मूल्यों की संवाहक है। हिंदी का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।
ओपी चौधरी ने कहा कि सभी को हिंदी को सम्मानपूर्वक अपनाकर इसके प्रति गर्व महसूस करना चाहिए और देश को आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी सत्ता के दौरान लॉर्ड मैकाले ने अंग्रेजी भाषा के जरिए अंग्रेजी मानसिकता को प्रसारित करने का प्रयास किया। अंग्रेजी भाषा को श्रेष्ठ बताकर हिंदी को अपमानित करने का पाप किया गया। यही वजह है कि आजादी के कई दशकों बाद भी भारतीय समाज पूरी तरह अंग्रेजी मानसिकता से नहीं उबर पाया है।
वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि हमारा विरोध अंग्रेजी भाषा से नहीं, बल्कि अंग्रेजी मानसिकता से है। कोई अंग्रेजी भाषा सीखे, इसमें कोई आपत्ति नहीं, लेकिन अपने जीवन में हिंदी के मूल्यों, संस्कारों और आत्मसम्मान को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिंदी को अपनाकर ही समाज को अंग्रेजी मानसिकता से मुक्ति दिलाई जा सकती है और यही मुक्ति विकसित भारत के महायज्ञ में सार्थक योगदान के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से हिंदी को गर्व के साथ अपनाने और दैनिक जीवन में इसके अधिक से अधिक उपयोग का संकल्प लेने का आग्रह किया।

Recent Comments