रायगढ़। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नवनिर्माण संकल्प समिति द्वारा शिक्षाविद एवं समाजसेवी रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में गांधी प्रतिमा के पास आयोजित नि:शुल्क चाय सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण हस्ताक्षर अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली इस पहल को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं, राहगीरों एवं शहरवासियों को नि:शुल्क चाय वितरित की गई। वहीं पर्यावरण संरक्षण को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हस्ताक्षर करने को लेकर लोगों में खासा उत्साह और रुचि देखने को मिली।
चाय सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश/-
नवनिर्माण संकल्प समिति ने जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजन को केवल सेवा तक सीमित न रखते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया। चाय सेवा का लाभ लेने पहुंचे लोगों से पर्यावरण की रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने और हस्ताक्षर अभियान का हिस्सा बनने की अपील की गई।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। युवाओं, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने अभियान में रुचि दिखाई और इसे सामाजिक जागरूकता की दिशा में जरूरी पहल बताया।
रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में जारी है अभियान/-
शिक्षाविद एवं समाजसेवी रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को लेकर यह हस्ताक्षर अभियान पिछले कई महीनों से चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को पर्यावरण की रक्षा के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ना है।
आयोजन की सफलता पर समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं, शहरवासियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस पहल ने सेवा भी, संस्कार भी और पर्यावरण संरक्षण भी का संदेश दिया।

Recent Comments