रायगढ़। शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का रायगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 14 लाख रुपये कीमत के चोरी गए 16 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 मार्च की रात गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी की घटना हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक निवासी लक्ष्मीपुर ने पुलिस को बताया कि वे रात करीब 9.30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोलकर अंदर गए तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल फोन अस्त-व्यस्त मिले। जांच करने पर पता चला कि दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर में रखे 16 नग आईफोन तथा काउंटर से नकदी चोरी कर फरार हो गया।
मामले में सिटी कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई। साइबर टीम के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस टीम रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान आरोपी ट्रेन से रायगढ़ लौट रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ निवासी 19 वर्षीय आकाश चौहान के रूप में हुई। पूछताछ में उसने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि वह रायपुर से ट्रेन में रायगढ़ आया था और दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से में लगी लोहे की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़कर दूसरी मंजिल का ताला तोड़कर अंदर घुसा। इसके बाद शोकेस में रखे 16 आईफोन एक काले बैग में भरकर तथा काउंटर से नकदी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान के कब्जे से चोरी के 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी सोनूमुड़ा निवासी 21 वर्षीय लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा के पास से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आकाश चौहान ने जनवरी 2026 में बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी अपने साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है तथा चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पूर्व चोरी मामले में आरोपी को पृथक से पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल और साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक की टीम द्वारा की गई।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी पुलिस कार्रवाई के माध्यम से ऐसे अपराधों का त्वरित खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Recent Comments