रायगढ़। छत्तीसगढ़ के छोटे से गांव रनभाठा की बेटी साक्षी नंदे (सिम्मी) ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता के झंडे गाड़ते हुए परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। साक्षी नंदे ने NEET UG 2026 में 426 अंक हासिल कर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, कुनकुरी-जशपुर में MBBS की सीट प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।

साक्षी नंदे के पिता राजेंद्र नंदे एवं माता श्रीमती सीमा नंदे की दो संतानें हैं और दोनों बेटियां उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। साक्षी की बड़ी बहन रेशमा नंदे चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की कठिन परीक्षा पास कर सफलता हासिल कर चुकी हैं, वहीं अब छोटी बहन साक्षी ने NEET UG में सफलता हासिल कर डॉक्टर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया है। एक ही परिवार की दोनों बेटियों की यह उपलब्धि शिक्षा के प्रति परिवार की सोच, बेटियों के हौसले और उनकी मेहनत की मिसाल बन गई है।

मेहनत और पारिवारिक सहयोग से मिली सफलता
साक्षी नंदे ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत, अनुशासन और माता-पिता के सहयोग को दिया। उनकी इस उपलब्धि पर माता-पिता एवं बड़ी बहन रेशमा नंदे ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों की लगन, मेहनत और अनुशासन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। परिवार के सहयोग और बेटियों के दृढ़ संकल्प ने आज इस उपलब्धि को संभव बनाया है।
रंभाठा गांव की साक्षी नंदे की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि गांव और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। एक ही परिवार से एक बेटी का CA बनना और दूसरी बेटी का शासकीय मेडिकल कॉलेज में MBBS के लिए चयनित होना बेटियों की शिक्षा और सफलता की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया है। साक्षी की सफलता पर बड़ी मौसी जानीमानी सामाजिक कार्यकर्ता सविता रथ जो इनकी बड़ी मौसी है अपनी भतीजी की इस चमकीली सफलता पर गौरान्वित है। परिवार सहित गांववासियों, शुभचिंतकों और परिजनों ने नंदे परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Recent Comments