रायगढ़ । ऑल इंडिया लीनेस क्लब सेवान्जली द्वारा सेवा सप्ताह के सातवें दिन फाउंडर अध्यक्ष लीनेस सुमिता पांडेय के मार्गदर्शन में प्रज्ञान भवन में निःशुल्क दंत परीक्षण के साथ सामान्य स्वास्थ्य और रक्तचाप जाँच शिविर का आयोजन किया गया ।
स्वास्थ्य शिविर में जांच – सलाह के साथ पेस्ट और ब्रश का भी किया वितरण:-
शिविर में लगभग 50 लोगों के दाँतों की जाँच कर उन्हें उनकी विभिन्न दंत समस्याओं के अनुसार उचित सलाह दी गई । साथ ही सभी को निःशुल्क टूथब्रश एवं दंत समस्याओं के अनुरूप टूथपेस्ट का वितरण किया गया तथा सभी को स्वल्पाहार भी कराया गया । शिविर में उपस्थित सभी लोगों का रक्तचाप परीक्षण कर उन्हें भी आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दिया गया ।
डॉक्टर कनु को पौधा भेंटकर ली प्रतिभा सिंह ने किया सम्मान और आभार :-
चिकित्सा शिविर के इस अवसर पर दंत चिकित्सक डॉ. कनु पांडेय एवं उनके सहयोगियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया । क्लब अध्यक्ष लीनेस प्रतिभा सिंह ने अपना अमूल्य समय एवं सेवाएँ प्रदान करने के लिए डॉक्टर एवं उनकी पूरी टीम का आभार भी व्यक्त किया । डॉक्टर कनु ने सेवांजली के इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता के लिए इसे महत्वपूर्ण बताया और भविष्य में क्लब के इस प्रकार के आयोजन में अपने सहयोग की बात कही ।
स्वास्थ्य शिविर में जूनियर क्लब के साथ इनकी सेवाएं प्राप्त हुई :-
शिविर के सफल आयोजन में जूनियर क्लब सेवान्जली की अध्यक्ष दीक्षा शुक्ला एवं सचिव प्राची का पूर्ण सहयोग रहा। इस सेवा कार्य में लीनेस बबली कुलवेदी, लीनेस राजश्री शुक्ला, लीनेस निशात अली, लीनेस ममता चौहान, लीनेस सरोजिनी कुर्रे, लीनेस सुनीता यादव एवं लीनेस सुधा मिश्रा ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं ।
सेवा सप्ताह के अंतर्गत सेवांजली की इसप्रकार संपन्न हुई सेवा गतिविधियां :-
सेवा सप्ताह के प्रथम दिन अम्बेडकर नगर की बस्ती में जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया । दूसरे दिन चेयरपर्सन लीनेस बबली कुलवेदी द्वारा रायगढ़ स्टेडियम में योग पर आधारित गतिविधि आयोजित की गई । तीसरे दिन विद्यार्थियों के लिए तनाव प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर व्याख्यान का आयोजन किया गया । चौथे दिन रायगढ़ स्टेडियम एवं सचिव निवास में पौधरोपण किया गया । पांचवें दिन शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों का सम्मान किया गया । छठवें दिन महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत एक बुजुर्ग महिला को सहयोग राशि प्रदान की गई । वहीं चेयरपर्सन लीनेस निशात अली जी ने अपने विषय सम्मान के अंतर्गत मधुबनपारा में रहने वाले एक दिव्यांग बच्चे को उसकी आवश्यकतानुसार उपयोगी सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया ।
क्लब के सभी सदस्यों के सहयोग एवं सेवा भावना से इस प्रकार सेवा सप्ताह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ।

Recent Comments