तमनार। भारतीय जनता पार्टी तमनार मंडल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आगामी 14 सितंबर से 14 अक्टूबर तक एक महीने तक चलने वाले व्यापक “सेवा संकल्प अभियान” की तैयारियों को लेकर स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में संगठन की आगामी रूपरेखा, तमनार मंडल में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश तय किए गए।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए “सेवा संकल्प अभियान” के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रव्यापी अभियान का मूल उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनकल्याण के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर और अधिक मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।
विकास केडिया ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बढ़-चढ़कर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करें और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपकर अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा।

कार्यशाला के दौरान आगामी एक महीने में आयोजित होने वाले विभिन्न सेवा कार्यों, स्वास्थ्य शिविरों, स्वच्छता अभियानों और जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से वरिष्ठ नेता गोकुलानंद पटनायक, मंडल प्रभारी रामश्याम डनसेना, मंडल अध्यक्ष स्वरूप पटनायक, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमल साय, महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी गीतांजलि पटनायक, मंडल के महामंत्री, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक-सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं समिति के संयोजक सहित अनेक वरिष्ठजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Recent Comments