रायगढ़/पुसौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा देशभर में सेवा संकल्प अभियान के जरिए जनसेवा और सामाजिक गतिविधियां आयोजित कर रही है। इसी बीच रायगढ़ जिले के पुसौर नगर पंचायत से भाजपा के लिए एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है।
पुसौर नगर पंचायत के आठ निर्वाचित भाजपा पार्षदों ने सामूहिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का पत्र जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दिवान को सौंपा है। हस्ताक्षर और पार्षदों की मुहर लगे इस पत्र में पार्षदों ने प्रशासनिक क्रियाकलापों, शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर असंतोष जताया है।
त्यागपत्र में पार्षदों ने आरोप लगाया है कि उनके वार्डों में पानी, बिजली, सड़क, नाली समेत अन्य विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। उनका कहना है कि पार्षद निधि से संबंधित कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं और शासकीय विभागों में भी उनकी समस्याओं पर अपेक्षित काम नहीं हो रहा है। पत्र में इसे लेकर लगातार परेशानी का उल्लेख करते हुए सभी आठ पार्षदों ने सामूहिक रूप से भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की बात कही है।
इन आठ पार्षदों के हस्ताक्षर और सील पत्र में
पत्र पर लगी पार्षदों की मुहर के आधार पर त्यागपत्र देने वालों में वार्ड क्रमांक 2 के फगुलाल प्रधान, वार्ड क्रमांक 3 की मंजु निराकार पटेल, वार्ड क्रमांक 4 , वार्ड क्रमांक 5 , वार्ड क्रमांक 6 के बलराम संवरा, वार्ड क्रमांक 8 की अभिमा अंशु साव, वार्ड क्रमांक 11 के रूपेश कुमार साव और वार्ड क्रमांक 12 की शीखबाई सारथी शामिल हैं।
पुसौर नगर पंचायत में फरवरी 2025 के चुनाव में भाजपा ने अध्यक्ष पद सहित 10 वार्डों में जीत दर्ज की थी, जबकि पांच वार्ड कांग्रेस के खाते में गए थे। ऐसे में भाजपा के आठ पार्षदों का एक साथ प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देना स्थानीय निकाय की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि भाजपा जिला संगठन इन आठ पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे पर क्या निर्णय लेता है और नगर पंचायत की राजनीति में इसका आगे क्या असर पड़ता है।

Recent Comments