रायगढ़।
जननेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय रोशन लाल अग्रवाल की पांचवीं पुण्यतिथि पर रायगढ़ जिले सहित विभिन्न अंचलों में श्रद्धा, सम्मान और जनसेवा के साथ उन्हें याद किया गया। धरमजयगढ़, घरघोड़ा, रायगढ़ शहर, खरसिया सहित अनेक स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं, हनुमान चालीसा पाठ, स्वच्छता अभियान और सेवा कार्यों का आयोजन कर उनके योगदान को नमन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

धरमजयगढ़ व घरघोड़ा में श्रद्धांजलि सभाएं, जनसेवा के आदर्शों को किया स्मरण
धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जननेता स्व. रोशन लाल अग्रवाल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता विजय अग्रवाल ने उन्हें खरे, स्पष्टवादी और जनसामान्य के बीच रहने वाला नेता बताया, वहीं किसान प्रदेश उपाध्यक्ष टीकाराम पटेल ने कहा कि वे समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की आवाज़ बनकर संघर्ष करने वाले जुझारू जननेता थे।

इसी तरह घरघोड़ा नगर पंचायत स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष अरुनधर दीवान सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनके समाजसेवा, जनकल्याण और सरल व्यक्तित्व को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. अग्रवाल का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा और वे क्षेत्र के विकास के मजबूत स्तंभ थे।

हनुमान चालीसा पाठ, स्वच्छता अभियान और सेवा कार्यों से दी श्रद्धांजलि
पुण्यतिथि के अवसर पर रायगढ़ शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों के मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। सुभाष चौक, ढिमरापुर, चांदमारी, इंदिरा नगर, कमला नेहरू पार्क सहित अनेक हनुमान मंदिरों में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पाठ कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

वहीं रायगढ़ में कमला नेहरू उद्यान और स्टेशन चौक में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, पार्षदों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। खरसिया में भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा के बाद सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरण कर सेवा भाव से पुण्यतिथि मनाई गई।


सादगी, कर्मठता और जनसेवा की विरासत आज भी प्रेरणास्रोत
श्रद्धांजलि सभाओं में वक्ताओं ने कहा कि स्व. रोशन लाल अग्रवाल सादगी, स्पष्टवादिता और कर्मठता के प्रतीक थे। उन्होंने स्वच्छता अभियान, मेगा हेल्थ कैंप, किसानों व कमजोर वर्गों के हित में लगातार कार्य कर जनसेवा की मिसाल पेश की। पूर्व विधायक रहते हुए उन्होंने सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पुण्यतिथि पर आयोजित सभी कार्यक्रम न केवल उन्हें श्रद्धांजलि देने का माध्यम बने, बल्कि उनके बताए आदर्शों—सेवा, संगठन और सामाजिक सरोकार—पर चलने के संकल्प का भी प्रतीक रहे।

Recent Comments