रायगढ़।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लीनेस क्लब सेवांजली द्वारा प्रज्ञान भवन प्रांगण में गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः काल फाउंडर अध्यक्ष लीनेस सुमिता पाण्डेय द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन कर वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

ध्वजारोहण के उपरांत भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। संस्था की संरक्षक लीनेस सुषमा श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान की गरिमा और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सेवांजली चार्टर अध्यक्ष लीनेस सुमिता पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि 26 जनवरी का यह पावन दिन हमें हमारे संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों एवं कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि भारत केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि संविधान, संस्कार और समानता से निर्मित एक सशक्त राष्ट्र है। उन्होंने बताया कि लीनेस क्लब्स महिलाओं के माध्यम से सेवा, सशक्तिकरण और नैतिक मूल्यों को समाज की जड़ों तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है, जिससे भावी पीढ़ी को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से जूनियर लीनेस क्लब के गठन की घोषणा की गई, जिससे बच्चों और किशोरों में सेवा भावना एवं सामाजिक दायित्व का विकास हो सके।
समारोह का संचालन सचिव लीनेस रजनी मिश्रा ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि आभार प्रदर्शन लीनेस रूपांजलि देशमुख द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। जनवरी माह में जन्मदिवस मनाने वाले सदस्यों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा ‘एक व्यक्ति–एक पौधा’ अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लीनेस बबली कुलवेदी, लीनेस सुधा मिश्रा, लीनेस रीता श्रीवास्तव, लीनेस राजश्री शुक्ला, लीनेस ममता चौहान, लीनेस तनु शर्मा, लीनेस सरोजनी कुर्रे एवं लीनेस दीक्षा शुक्ला का विशेष सहयोग रहा।

इसी क्रम में लीनेस सेवांजली अध्यक्ष लीनेस प्रतिभा सिंह ने स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायगढ़ में विद्यालयीन स्टाफ एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। उन्होंने संस्था द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया तथा मिष्ठान वितरण किया।

Recent Comments