रायगढ़। उत्तम एजुकेशन सोसायटी के अंतर्गत संचालित उत्तम मेमोरियल कॉलेज पटेलपाली रायगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन 26 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक किया गया, जिसमें उत्तम मेमोरियल कॉलेज, मां दर्शन कॉलेज रायगढ़ एवं अनंत कॉलेज रायगढ़ के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से भाग लिया। महिला एवं पुरुष वर्ग के प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं टीम वर्क का उत्कृष्ट परिचय दिया।

प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, क्रिकेट, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकस्सी, 100 मीटर दौड़, चम्मच दौड़, ऊँची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक एवं तवा फेंक सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि आचार्य श्री राकेश कुमार (प्रांत संयोजक, विश्व हिंदू परिषद एवं उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय संत समिति छत्तीसगढ़) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विवेक रंजन सिन्हा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भारतीय जनता पार्टी ने की। विशेष अतिथियों में बबल पांडेय, शैलेष माली, घनश्याम पटेल, प्रवीण शर्मा, राजेश प्रसाद, संजय दास, गौतम चौधरी (चेयरमेन), डायरेक्टर संजय चौधरी, प्राचार्य डॉ. गोमती सिंह, डॉ. रश्मि रेखा साहनी एवं सुश्री नम्रता जलक्षत्री सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। स्वागत उद्बोधन प्राचार्य डॉ. गोमती सिंह द्वारा दिया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है, जिससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का निर्माण होता है। वहीं अध्यक्षीय उद्बोधन में शिक्षा के साथ खेलों को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया गया।
समापन अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं अनंत कॉलेज की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेल प्रशिक्षकों, प्राध्यापकों, आयोजन समिति, मीडिया प्रभारी, तीनों महाविद्यालयों के स्टाफ, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री गोपाल श्रीवास द्वारा किया गया।

Recent Comments