रायगढ़।
गारे पेलमा सेक्टर-1 में चल रहे आंदोलन और उससे जुड़ी घटनाओं ने अब उग्र रूप ले लिया है। दुर्घटना के बाद उपजे हालात, फिर हिंसा, उसके बाद पुलिस द्वारा FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई ने ग्रामीणों के आक्रोश को भड़का दिया है। इसी के विरोध में हजारों की संख्या में प्रभावित ग्रामीणों ने तमनार थाना का घेराव कर लिया।

थाने के बाहर सुबह से ही भारी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बुजुर्ग और युवा एकत्रित हैं। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जिला बल के साथ-साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल और महिला पुलिस को भी तैनात किया है। बैरिकेडिंग, हेलमेट, ढाल और लाठी से लैस पुलिस बल थाने के चारों ओर मोर्चा संभाले हुए है।


ग्रामीणों का आरोप है कि गारे पेलमा सेक्टर-1 के खिलाफ चले आंदोलन के दौरान हुए घटनाक्रम में पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए निर्दोष लोगों पर केस दर्ज कर गिरफ्तारी की है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई जरूरी थी।

फिलहाल पुलिस प्रशासन और प्रभावित ग्रामीण आमने-सामने हैं। दोनों पक्षों के बीच संवाद की कोशिशें जारी हैं, लेकिन तनाव बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है। पूरे इलाके में सन्नाटा और बेचैनी का माहौल है, जबकि थाने के बाहर जनसैलाब प्रशासन पर दबाव बढ़ा रहा है।


Recent Comments