रायगढ़, 7 मार्च।
चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक वृद्ध महिला से सोने की माला झपटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की माला, सोने के अन्य आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी जब्त कर कुल लगभग 1.35 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ बस से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए निकले थे। सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों मरीन ड्राइव पंजरी प्लांट मार्ग से सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान लाल रंग की स्कूटी में सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी हादसे के संबंध में पूछताछ करने लगे। आधार कार्ड जांच के बहाने बातचीत के दौरान एक आरोपी ने वृद्धा के गले में पहनी सोने की माला खींच ली और दोनों आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने तत्काल नाकेबंदी कराई और पीड़िता से आरोपियों के हुलिए तथा स्कूटी की जानकारी लेकर टीम के साथ तलाश शुरू की। आसपास के मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर चमार सिंह यादव और रामकुमार नायक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से 14 नग सोने की फोकली, एक सोने का पदक और काले मोती लगी सोने की माला, जिसकी कीमत लगभग 85 हजार रुपये है, बरामद की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, भी जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में चमार सिंह यादव (55 वर्ष) निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़ तथा रामकुमार नायक (40 वर्ष) निवासी मधुवन पारा सिटी कोतवाली रायगढ़ शामिल हैं। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल साहू, प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू, आरक्षक अभय यादव, शैलेंद्र पर, शांति मिली तथा कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का कहना है कि झपटमारी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग को और सख्त किया जा रहा है। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Recent Comments